#16: जापान में टिकटॉक की लोकप्रियता को टक्कर दे रहे हैं पॉडकास्ट
साथ हीः Q1 2024 में स्पॉटिफाई का प्रॉफिट मार्जिन गत वर्ष की तुलना में बढ़ा
जापान में सांस्कृतिक रुझान अक्सर तकनीकी प्रगति के साथ जुड़े होते हैं। दिसंबर 2023 में ओटोनल और असाही शिंबुन द्वारा सहआयोजित "पॉडकास्ट रिपोर्ट इन जापान सर्वे" से देश के पॉडकास्ट परिदृश्य का पता चलता है। सर्वे में 15 से 69 वर्ष की आयु के 10,000 लोग शामिल थे।
रिपोर्ट के अनुसार, जापान में पॉडकास्ट की खपत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, और 15.7% लोग इन्हें सुनते है। यहाँ पॉडकास्ट सभी आयु समूहों में टिकटॉक की लोकप्रियता को टक्कर दे रहे हैं, श्रोताओं में युवा जनसांख्यिकी की बहुलता है। यूट्यूब, टिकटॉक और इंस्टाग्राम की तुलना में, जापानी पॉडकास्ट श्रोताओं में सूचना संवेदनशीलता का स्तर अधिक पाया गया। पॉडकास्ट का उपयोग सभी आयु समूहों के बीच उपयोग में नेटफ्लिक्स, पत्रिकाओं और अबेमा (एक जापानी स्ट्रीमिंग सेवा) से आगे है।
किशोरों में पॉडकास्ट का उपयोग प्रबल है। उनमें मनोरंजन व कॉमेडी शो का आनंद लेने के लिए संगीत ऐप्स का उपयोग करने का चलन है। 20 वर्ष की आयु के उपयोगकर्ता टीवी या सोशल मीडिया की जानकारी की तुलना में पॉडकास्टरों पर अधिक भरोसा करते हैं।
हैरत वाली बात ये है कि लगभग 50% जापानी श्रोता नियमित रूप से तीन से अधिक पॉडकास्ट सुनते हैं। सर्वेक्षण ने जापानी मल्टीटास्किंग की एक आकर्षक प्रवृत्ति का भी खुलासा कियाः 87% श्रोता ड्राइविंग या घरेलू काम जैसी अन्य गतिविधियों में व्यस्त रहते हुए पॉडकास्ट सुनते हैं।
अन्य खबरों में
स्पॉटिफाई की 2024 की पहली तिमाही (Q1) की वित्तीय रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने पहली बार €1 बिलियन से अधिक का सकल लाभ (US$1.07 बिलियन) कमाया है। Q1 में स्पॉटिफाई का लाभ मार्जिन गत वर्ष की तुलना में 25.2% से बढ़कर 27.6% हो गया। इसने पिछले साल 2,300 से अधिक लोगों को नौकरी से निकाला था और कई क्षेत्रों में अपनी कीमतें भी बढ़ाई थी। कंपनी का विज्ञापन राजस्व वर्ष दर वर्ष 18% बढ़ा है। स्पॉटिफाई के अब 615 मिलियन मासिक उपयोगकर्ता हैं (19% की बढ़ोत्तरी)। इसके सशुल्क ग्राहक केवल 14% बढ़कर 239 मिलियन हो गए।
स्पॉटिफाई अपने पॉडकास्ट होस्ट "Spotify for Podcasters" के लिए अलग लॉगिन हटा रहा है। 14 मई से, आपको अपने पुराने एंकर/S4P के बजाय स्पॉटिफाई लॉगिन का उपयोग करना होगा। इस बदलाव का एक बड़ा लाभ यह है कि आप एक ही लॉगिन से एक से अधिक पॉडकास्ट प्रबंधित करने, और अपनी टीम के सदस्यों को आमंत्रित करने में सक्षम हो जायेंगे।
विविध भारती के रेडियो नाटिका कार्यक्रम हवामहल के मुरीद, और आडियो ड्रामा कै शौकीनों के लिये The Audio Drama Directory काम की चीज हो सकती है। देख कर अपनी राय बतायें।
उल्लेखनीय पॉडकास्ट
प्रेतकॉथा (बांग्ला) | हॉरर 🆓
गौरव तापदार द्वारा संचालित यह एक हॉरर 👻 पॉडकास्ट है, जहां विभिन्न लोगों के जीवन में विभिन्न अलौकिक और भूतिया घटनाएं घटती हैं। और जैसा कि सभी ऐसे किस्से दावा करते हैं, इस पॉडकास्ट का भी ख्याल है कि सभी घटनाएं वास्तविक हैं, हालांकि इसे फिक्शन श्रेणी में रखा गया है। गौरव की आवाज़ और पेशकश दमदार है। ज्यादातर अंक कथित श्रोताओं द्वारा भेजे किस्सों पर आधारित होते हैं। सुनने लायक। इसका यूट्यूब चैनल भी खासा लोकप्रिय है।
द आउटर लिमिट्स आफ इन्नर ट्रुथ (अंग्रेज़ी) | धर्म और आध्यात्म 🆓
द आउटर लिमिट्स आफ इन्नर ट्रुथ (OLIT) गहन आत्मनिरीक्षण, आत्म खोज और आध्यात्मिक विकास के बारे में एक पॉडकास्ट है जिसने फरवरी 2024 में दस साल पूरे किये। इसमें कई हाई प्रोफाइल लोगों के साक्षात्कार लिए गये हैं जिनमें "रिच डैड पुअर डैड" वाले रॉबर्ट कियोसाकी, डॉ. नाओमी वुल्फ, पुरस्कृत पत्रकार जेन वेलेज़-मिशेल, विश्व प्रसिद्ध हृदय सर्जन डॉ. स्टीफन सिनात्रा शामिल हैं। पुराने अंकों में हाउ टू फाइंड योर सोल मेट, सुसाइड: हीलिंग एंड अंडरस्टैंडिंग, और द स्पिरिचुअल बेनिफिट्स ऑफ लाफ्टर शामिल हैं। श्रोताओं के अनुसार सीमांत विज्ञान, अलौकिक, आध्यात्मिकता आदि में रुचि रखने वाले किसी भी व्यक्ति को यह शो पसंद आएगा।
पॉडकास्ट परिक्रमा के लिये आप भी योगदान दे सकते हैं। हमें अपने पसंदीदा हिंदी या अन्य भारतीय भाषा के पॉडकास्ट के बारे में बतायें (ये आपका स्वयं का पॉडकास्ट भी हो सकता है)। आप हमें पॉडकास्ट संबंधित खबर या इवेंट के बारे में टिप भेज सकते हैं। यदि आपके पास पॉडकास्ट संबंधी कोई नौकरी या गिग है तो आप हमें वह भी भेज सकते हैं।