#17: क्या रॉबिन विलियम्स सर्वप्रथम पॉडकास्टर थे?
साथ हीः कालातीत यूनानी मिथकों के बारे में एक पारिवारिक पॉडकास्ट
हाल ही में एक दो वर्ष पुरानी पोस्ट पर नज़र पड़ी, जिसमें ऑडिबल (अब अमेजन की कंपनी) के शुरुआती निवेशक, दिवंगत हास्य अभिनेता रॉबिन विलियम्स के जनवरी 2000 में शुरु एक टॉक शो का ज़िक्र है। उनका ऑडिबल के साथ 3 साल का अनुबंध था, हर 2 सप्ताह में एक नया ऑनलाइन ऑडियो साक्षात्कार जारी होता था। प्रत्येक साक्षात्कार को 2 भागों में विभाजित कर प्रत्येक माह 1 नया पूर्ण साक्षात्कार जारी किया जाता था। रॉबिन द्वारा साक्षात्कार किए गए अधिकांश लोग उनके मित्र या सहकर्मी थे, जो इसे निश्चित रूप से दिलचस्प बनाता है।
"पॉडकास्टिंग" शब्द का सबसे पहला उपयोग द गार्जियन स्तंभकार और बीबीसी पत्रकार बेन हैमरस्ले द्वारा किया गया था, जिन्होंने फरवरी 2004 की शुरुआत में द गार्जियन अखबार के लिए एक लेख लिखते समय इसे गढ़ा था। पर इस आडियो टॉक शो के बारे यह तर्क दिया जा रहा है कि रॉबिन इस शब्द के आविष्कार से पहले से ही पॉडकास्टिंग कर रहे थे। एक ऐसा शो, जिसकी उन दिनों आरएसएस फीड तो नहीं होती थी, पर जिसे आप स्वचालित रूप से डाउनलोड कर सकते हैं और अपने पोर्टेबल प्लेयर पर स्थानांतरित कर सकते हैं।
2000 की शुरुआत में रॉबिन ने एंटरटेनमेंट टुनाइट, डेविड लेटरमैन, जे लेनो और कई अन्य टीवी कार्यक्रमों में ऑडिबल के अपने शो की बात की थी, वह अपने साथ ऑडिबल मोबाइल प्लेयर को रखते थे। उस समय अधिकतर लोग "ऑडियो डाउनलोड" की अवधारणा से ही नावाकिफ थे और समझ नहीं पाते थे कि रॉबिन किस बारे में बात कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि ऑडिबल मोबाइल प्लेयर डिवाइस, आईपॉड से 6 साल पहले, 1997 में जारी किया गया था, ताकि श्रोता चलते-फिरते, ऑडियो बुक्स सुन सकें।
रॉबिन का शो ऑडिबल पर मुफ्त उपलब्ध नहीं था। उनकी फैनसाईट पर पुराने अंकों की सूची है, पर लाइसेंस संबंधित कारणों से, ज्यादातर इंटरनेट से नदारद हैं। ये शो रॉबिन की कंपनी ब्लू वुल्फ प्रोडक्शंस द्वारा बनाया गया था। उनके देहांत के बाद इसके प्रबंधन ने उन्हें आईट्यून्स पर फिर से जारी किया था, लेकिन अज्ञात कारणों से उन्हें कुछ ही समय बाद हटा दिया गया। रॉबिन ने अनेक ऑडियो बुक्स को भी अपनी आवाज़ दी थी।
नीचे दिया एक अंक, अमेरिकी गायक, गीतकार और गिटार वादक डेविड क्रॉस्बी से बातचीत है। यह शो आज के सामान्य सेलिब्रिटी-मीट्स-सेलिब्रिटी पॉडकास्ट जैसा लगता है। इसका दूसरा अंक यहाँ है।
उल्लेखनीय पॉडकास्ट
भास्कर बोस (हिन्दी) | थ्रिलर 🆓
ओद्भुत कॉथा! यदि आप जासूसी कहानियों के शौकीन हैं, तो व्योमकेश बक्शी और फास्टर फेणे का पॉडकास्ट संस्करण भास्कर आपको पसंद आयेगा। भास्कर बोस, शरलॉक होम्स की तरह ही ओवर कॉन्फीडेंट है, और बात बात पर उन्हीं का ज़िक्र करता है। वो पेशे से अकाउंटेंट है, लेकिन जुनून से जासूस। कब्रिस्तानों से शवों के गायब होने से लेकर फिल्म के सेट पर हत्याओं तक, भास्कर और उनके पुलिस सहायक बिकेश हर मामले को अपनी अनोखी शैली में सुलझाते हैं। हर अंक में कई किरदार होते हैं, साउंड डिज़ाइन जोरदार हैं। भास्कर का किरदार रेडियो जॉकी रहे मंत्रा निभाते हैं, जिनकी कंपनी MnM टाकीज़ ने यह पॉडकास्ट बनाया है।
लाइव फ्रॉम माउंट ओलंपस (अंग्रेज़ी) | बच्चे और परिवार 🆓
अगर आप कालातीत ग्रीक मिथकों के बारे में जानना चाहते हैं और अपने बच्चों व परिवार के साथ सुनने लायक पॉडकास्ट खोज रहे थे तो PRX की प्रस्तुति लाइव फ्रॉम माउंट ओलंपस आपको अवश्य पसंद आयेगा। यह कृति अग्रणी समकालीन थिएटर-निर्माताओं की कलात्मकता और ऑडियो की कल्पनाशील शक्ति का बढ़िया उदाहरण है। टोनी पुरस्कार विजेता आंद्रे डी शील्ड्स मेजबान के रूप में कहानीकारों, यात्रियों और चोरों के देवता हर्मीस का किरदार अदा करते हैं। ये कालजयी कहानियाँ उन चुनौतियों पर आधारित हैं जो आज के युवा श्रोताओं को प्रभावित करती हैं: आत्म-खोज और स्वतंत्रता के लिए संघर्ष, बच्चों और माता-पिता के बीच संबंधों की जटिलताएँ, और विभिन्न संसारों के मध्य दूरी को पाटने की जद्दोजहद।
पॉडकास्ट के पहले सीज़न में युवा पर्सियस की कहानी है जो अपनी माँ को एक दुष्ट राजा के चंगुल से बचाने के लिये भयानक राक्षसों, शक्तिशाली देवताओं से लोहा लेते हुए एक खतरनाक खोज पर निकलता है। दूसरे सीज़न में डेमेटर और पर्सेफ़ोन व तीसरे में अटलांटा की कथा है जिसे नवजात शिशु की अवस्था में जंगल में छोड़ दिया गया था। एक भालू ने उसे गोद लेकर अपने बच्चे की तरह पाला है। सीज़न चार में है प्रोमेथियस की कहानी। जब उसे आने वाले युद्ध की झलक का पूर्वाभास हो जाता है जिससे पूरी दुनिया को खतरा होगा, तो प्रोमेथियस जानता है कि उसे युवा ओलंपियन ज़्यूस के साथ एक अप्रत्याशित गठबंधन बनाना होगा।