#20: स्पॉटिफाई का जबरदस्त मुनाफा, क्या वीडियो पॉडकास्ट भविष्य है?
साथ हीः ब्रिटिश राजनीतिक पॉडकास्ट पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा
स्पॉटिफाई का ऐतिहासिक क्षण: पहली पूर्ण-वर्षीय लाभप्रदता
स्पॉटिफाई ने एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल किया है। 2024 में कंपनी ने 114 करोड़ यूरो (~10,260 करोड़ रुपये) का शुद्ध लाभ दर्ज किया गया, जो 2023 के 50.5 करोड़ यूरो (~4,592 करोड़ रुपये) के घाटे की तुलना में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। स्पॉटिफाई पर अब 3.5 करोड़ नए मासिक सक्रिय उपयोगकर्ता (मंथली एक्टिव यूजर्स) हैं, जिससे उनके कुल श्रोताओं की संख्या 6.75 करोड़ तक पहुंच गई है। इनमें 2.63 करोड़ प्रीमियम उपयोगकर्ता हैं।
आपने गौर किया होगा कि स्पॉटिफाई अब केवल एक ऑडियो कंपनी नहीं है, यह यूट्यूब और टिकटॉक को टक्कर देने के लिए वीडियो पॉडकास्ट विस्तार रणनीति अपना रही है। इसके प्लेटफॉर्म पर अब 3.3 लाख से अधिक वीडियो पॉडकास्ट उपलब्ध हैं और 2.7 करोड़ उपयोगकर्ताओं ने वीडियो पॉडकास्ट स्ट्रीम किया है।
पर वीडियो पॉडकास्ट अपनाने की तीव्र दर के बावजूद, उद्योग विशेषज्ञों के बीच इसके कारगर होने के बारे में संशय बना हुआ है। जो रोगन और एलेक्स कूपर के अलावा स्पॉटिफाई की वर्तमान वीडियो पॉडकास्टिंग सूची में उच्च-प्रोफाइल निर्माताओं की खासी कमी है।
एक प्रमुख चुनौती है विज्ञापन से कमाई। ऑडियो के विपरीत, स्पॉटिफाई वीडियो पॉडकास्ट के लिए डायनामिक एड इंसर्शन (DAI) का प्रयोग नहीं करता है - जो यूट्यूब के विज्ञापन संबंधी बुनियादी ढांचे की तुलना में एक महत्वपूर्ण कमी है।
एक और क्षेत्र जिसमें स्पॉटिफाई अपना प्रभुत्व स्थापित करने की महत्वाकांक्षा रखता है वो है ऑडियो बुक। इसका कैटलॉग अब 10 बाजारों में 3.5 लाख शीर्षकों तक पहुंच गया है, जो इस इरादे को मजबूत बनाता है।
तो क्या अब पॉडकास्ट का भविष्य अब वीडियो फर्स्ट होने वाला है? स्पॉटिफाई ने पहले ही ऑडियो प्लेटफॉर्म युद्ध जीत लिया है, लेकिन इसका आक्रामक वीडियो मोड़ इस बात की पुष्टि करता है। हालांकि इससे पॉडकास्ट को मूलतः श्रव्य माध्यम मान कर इसे चाहने वालों की संख्या पर असर पड़ सकता है। शायद हल दोनों माध्यमों में सामंजस्य बना कर चलना हो।
इस मसले पर एक महत्वपूर्ण प्रश्न अब भी बना हुआ है: क्या वाकई वीडियो एंगेजमेंट ऑडियो के मुकाबले 10 गुना अधिक मूल्यवान हैं? स्पॉटिफाई का वर्तमान जवाब तो हाँ है, पर सचाई तो समय ही बतायेगा।
मिश्रित खबरें
नील्सन और एडिसन रिसर्च के अनुसार, 2024 की चौथी तिमाही में ऑडियो माध्यम अमेरिकी मीडिया उपभोग का एक प्रमुख हिस्सा बना रहा, जो दैनिक मीडिया समय का लगभग 20% था। विज्ञापन-समर्थित ऑडियो ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी, जहाँ दैनिक श्रवण समय का 67% रेडियो को, 18% पॉडकास्ट को, 12% स्ट्रीमिंग सेवाओं को, और 3% सैटेलाइट रेडियो को गया।
हाल ही में ब्रिटिश राजनीतिक पॉडकास्ट पुरस्कारों के विजेताओं की घोषणा की गई । पॉडकास्ट आफ द इयर चुना गया "द रेस्ट इज पॉलिटिक्स", लेकिन पॉलिटिकल करेंसी (इंटरव्यू आफ द इयर) और इलेक्टोरल डिसफंक्शन (बेस्ट न्यूकमर) ने दो पुरस्कार जीते।
एक नये सर्वे के मुताबिक अगर आप नियमित अखबार पढ़ते हैं तो इस बात की बड़ी संभावना है कि आप पॉडकास्ट भी सुनते/देखते होंगे।
उल्लेखनीय पॉडकास्ट
हिस्ट्री डेली (अंग्रेजी) 🆓
दिस डे, दैट इयर। अक्सर अखबारों में हम पढ़ पाते हैं कि फलां दिन इतिहास में क्या हुआ था। ऐसा ही एक पॉडकास्ट है "हिस्ट्री डेली" जिस में हर दिन लिंडसे ग्राहम की आवाज़ में इतिहास की एक नई कहानी के साथ आप कर सकते हैं अतीत की यात्रा। 7 दिसंबर 1941 को पर्ल हार्बर पर हुए हमले की गंभीर याद से लेकर 20 जुलाई 1969 को चंद्रमा पर मानव पहले कदम तक। हिस्ट्री डेली आपको याद दिलाता है कि कैलेंडर की हर तारीख में एक अविश्वसनीय कहानी छिपी है। देर है तो बस इसे सुनाए जाने की। ऐसा एक दैनिक पॉडकास्ट भारतीय इतिहास के बारे कोई क्यों नहीं बनाता?
द मॅल रॉबिन्स पॉडकास्ट 🆓
पिछले कई महीनों से एप्पल और स्पॉटिफाई की रेटिंग सूची में पहले नंबर पर विराजमान है प्रसिद्ध लेखिका मॅल रॉबिन्स द्वारा संचालित यह सांस्कृतिक पॉडकास्ट, जो शोध-आधारित तरीकों से लोगों के जीवन को बदलने का लक्ष्य रखता है। रॉबिन्स की "द हाई 5 हैबिट" और "द 5 सेकंड रूल" जैसी पुस्तकें न्यूयॉर्क टाइम्स की बेस्ट सेलर रह चुकी हैं और उनका 41 भाषाओं में अनुवाद किया जा चुका है।